बालोद 9 मई 2026: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के खेरीडीह गांव के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक तीनों युवक बाइक से डौंडीलोहारा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक का पैर शरीर से अलग हो गया, दूसरे का हाथ कट गया जबकि तीसरे युवक का पैर टूट गया। हादसे में बाइक और कार दोनों के परखच्चे उड़ गए।
मृतकों की पहचान सिर्राभाठा निवासी तरुण यादव (20), राहुल सेवता (20) और नरेंद्र भुआर्य (21) के रूप में हुई है। तीनों आपस में घनिष्ठ मित्र बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
दोस्ती का दर्दनाक अंत: बालोद हादसे में तीन दोस्तों की मौत, गांव में पसरा मातम

Comments