भाजपा में बड़ा बदलाव तय? मोदी कैबिनेट और संगठन में फेरबदल की तैयारी तेज

नई दिल्ली। भाजपा संगठन और केंद्र की मोदी सरकार में बड़े फेरबदल की चर्चाओं के बीच सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार खरमास समाप्त होने के बाद यानी 15 जून के बाद संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं। माना जा रहा है कि भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर सकते हैं, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी फेरबदल या विस्तार का फैसला ले सकते हैं।
 
भाजपा नेतृत्व संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की रणनीति पर काम कर रहा है। इसके तहत कुछ केंद्रीय मंत्रियों को संगठन में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं, जबकि संगठन में सक्रिय नेताओं को केंद्र सरकार में अवसर दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
 
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा नेतृत्व नई रणनीतिक टीम तैयार करना चाहता है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों को विशेष महत्व दिया जा रहा है। ऐसे में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और संगठनात्मक फेरबदल में इन राज्यों के नेताओं को प्राथमिकता मिल सकती है।
 
सूत्रों के मुताबिक अंतिम निर्णय से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और व्यापक संघ परिवार के साथ भी विचार-विमर्श किया जाएगा। भाजपा नेतृत्व जल्दबाजी के बजाय चरणबद्ध तरीके से संगठन और सरकार दोनों में बदलाव को अंतिम रूप देने की तैयारी में है।
 
बताया जा रहा है कि विभिन्न मंत्रालयों और मंत्रियों के कामकाज की लगातार समीक्षा की जा रही है। प्रदर्शन, जनसंपर्क क्षमता और राजनीतिक जरूरतों के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जून के दूसरे सप्ताह में शीर्ष नेतृत्व की महत्वपूर्ण बैठक के बाद कई बड़े फैसले सामने आ सकते हैं।

Comments