हवाई यात्रियों के लिए बुरी खबर! दिल्ली रूट की दो फ्लाइटों पर संकट, जल्द आ सकता है नया शेड्यूल

source : social media
रायपुर। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को जल्द झटका लग सकता है। एयर इंडिया और इंडिगो द्वारा देशभर में उड़ानों में कटौती की रणनीति के बीच रायपुर-दिल्ली रूट की दो उड़ानों को बंद किए जाने के संकेत मिले हैं। हालांकि विमानन कंपनियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन नए शेड्यूल का इंतजार किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की दोपहर की दिल्ली फ्लाइट और इंडिगो की एक दिल्ली फ्लाइट को बंद किए जाने की संभावना जताई जा रही है। वर्तमान में रायपुर और नई दिल्ली के बीच प्रतिदिन कुल 8 उड़ानों का संचालन होता है, जिनमें 6 इंडिगो और 2 एयर इंडिया की उड़ानें शामिल हैं।
 
उधर इंडिगो ने कुछ अन्य रूट्स पर भी उड़ानों में कटौती शुरू कर दी है। लखनऊ-रायपुर-भुवनेश्वर उड़ान अब सप्ताह में 7 दिन के बजाय 4 दिन संचालित हो रही है, जबकि पुणे-रायपुर-चेन्नई उड़ान को भी 7 दिन से घटाकर सप्ताह में 3 दिन कर दिया गया है।

विमानन क्षेत्र के जानकारों के अनुसार, परिचालन लागत, ईंधन कीमतों और यात्रियों की संख्या के आकलन के बाद कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कटौती की जा रही है। जल्द ही एयरलाइंस की ओर से नया शेड्यूल जारी होने की संभावना है, जिससे स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Comments