जानकारी के अनुसार, गोदाम में बड़ी मात्रा में खाद्य तेल और अन्य सामग्री रखी हुई थी। तेल की मौजूदगी के कारण आग लगातार भड़कती रही और देखते ही देखते लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों को गोदाम की दीवार तोड़कर अंदर पहुंचना पड़ा। आग बुझाने के लिए छह से अधिक फायर ब्रिगेड वाहनों को लगाया गया, लेकिन आग पर नियंत्रण पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग तेजी से फैल रही थी और आसपास स्थित अन्य एजेंसियों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पहुंचने का खतरा बना हुआ था। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी रहा। प्रशासन ने आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Comments