रायपुर मेटल पार्क में बिस्किट फैक्ट्री में भीषण आग: भारती फूड्स जलकर राख, 4-5 करोड़ का नुकसान

रायपुर, 29 मई 2026। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित मेटल पार्क में शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बिस्किट निर्माण करने वाली भारती फूड्स फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर से धुएं का घना गुबार उठने लगा और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के क्षेत्र को एहतियातन खाली कराया गया। राहत कार्य के दौरान फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
दमकल कर्मियों और बचाव दल ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक फैक्ट्री में लगी मशीनें, कच्चा माल और तैयार उत्पाद आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल चुके थे।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस अग्निकांड में करीब 4 से 5 करोड़ रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं।

Comments