बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में डेटा सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। विश्वविद्यालय के "समर्थ पोर्टल" से जुड़े लॉगिन आईडी और पासवर्ड लीक होने की आशंका के बाद प्रशासनिक और शैक्षणिक हलकों में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार, विश्वविद्यालय के करीब 32 विभागों के प्रश्नपत्रों और अन्य गोपनीय दस्तावेजों के प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने तत्काल अधिकारियों की बैठक बुलाकर स्थिति की समीक्षा की। हालांकि अब तक प्रश्नपत्र लीक होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन आशंकाओं के चलते परीक्षा व्यवस्था और डेटा सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
हजारों छात्रों का डेटा दांव पर?
समर्थ पोर्टल का उपयोग प्रवेश, परीक्षा, पंजीयन, पीएचडी, कर्मचारी भर्ती और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के संचालन के लिए किया जाता है। पोर्टल में विद्यार्थियों के आधार नंबर, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, शैक्षणिक दस्तावेज और अन्य संवेदनशील जानकारियां सुरक्षित रहती हैं। ऐसे में आईडी-पासवर्ड लीक होने की खबर ने छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है।
32 विभागों के प्रश्नपत्रों पर संशय
सूत्रों के मुताबिक विश्वविद्यालय के लगभग 32 विभागों से जुड़े प्रश्नपत्र और गोपनीय परीक्षा दस्तावेज प्रभावित हो सकते हैं। यदि जांच में यह आशंका सही पाई जाती है, तो कई परीक्षाओं को रद्द करने या पुनः आयोजित करने की नौबत आ सकती है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की तकनीकी जांच में जुटा हुआ है।
पीएचडी और भर्ती दस्तावेज भी दायरे में
जानकारों का कहना है कि समर्थ पोर्टल में केवल परीक्षा संबंधी नहीं, बल्कि पीएचडी प्रवेश, वित्तीय रिकॉर्ड, कर्मचारी भर्ती और प्रशासनिक दस्तावेज भी संग्रहीत रहते हैं। ऐसे में संभावित डेटा लीक का दायरा काफी व्यापक माना जा रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने क्या कहा?
विश्वविद्यालय की मीडिया प्रभारी मनीष श्रीवास्तव ने कहा कि समर्थ पोर्टल से जुड़ी जानकारी लीक होने की सूचना मिली है। इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक से चर्चा कर तथ्य जुटाए जा रहे हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
केंद्रीय विश्वविद्यालय में बड़ा डेटा लीक कांड? प्रश्नपत्र लीक की आशंका से मचा हड़कंप, रद्द हो सकती हैं परीक्षाएं!

Comments