नायब तहसीलदार से मारपीट मामले में BJP का दोहरा रुख: 'विधायक टोप्पो के साथ हैं, सरकार कार्रवाई को स्वतंत्र', कांग्रेस राज का थप्पड़ कांड याद दिलाया, हड़ताली अफसरों पर निलंबन की मांग
रायपुर। नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी से कथित मारपीट के मामले में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो के साथ प्रदेश भाजपा खड़ी नजर आ रही है। भाजपा के आला नेताओं ने दो टूक कहा कि पार्टी अपने विधायक के साथ है, साथ ही सरकार कार्रवाई के लिए स्वतंत्र है। दूसरी ओर भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक जन्मेजय पाण्डेय ने भी कलेक्टर सरगुजा को एक पत्र लिखकर राजस्व अधिकारी, कर्मचारियों की हड़ताल की चेतावनी पर निलंबन की कार्रवाई की मांग की है। वहीं राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने एक बयान जारी कर याद दिलाया कि भाजपा सरकार ने तो अपने विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी, लेकिन पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने एक अधिकारी को थप्पड़ मारा था, उस पर कांग्रेस सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की थी, इस मामले को भी कांग्रेस नेताओं को नहीं भूलना चाहिए। इस मामले की गेंद पूरी तरह राज्य सरकार के पाले में है। अब देखना यह है कि विधायक के खिलाफ हुई एफआईआर को लेकर राज्य सरकार किस तरह की कार्रवाई करती है। उल्लेखनीय है कि सीतापुर थाने में राजापुर उपतहसील के नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी और विधायक रामकुमार टोप्पो का विवाद पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। इस मामले में भाजपा के प्रदेश नेताओं का स्टैंड क्लियर है। भाजपा के आला नेताओं ने दो टूक कहा कि पार्टी विधायक के साथ खड़ी है, लेकिन सरकार कानून के हिसाब से कार्रवाई के लिए स्वतंत्र है। नाम नहीं छापने की शर्त पर पार्टी नेताओं का मानना है कि पश्चिम बंगाल चुनाव में विधायक श्री टोप्पो की ड्यूटी ऐसे इलाके में लगाई गई थी, जहां पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गुंडे और अधिकारी-कर्मचारी सरकार के इशारे पर काम कर रहे थे। वहां श्री टोप्पो ने जिस तरह से काम किया, उसके लिए उन्हें शाबासी मिली, मगर छत्तीसगढ़ में विधायक श्री टोप्पो के इस तेवर को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। यही उनका गुण है। इसलिए पार्टी अपने विधायक के साथ खड़ी है और खड़ी रहेगी।
You may also like

Comments