छत्तीसगढ़ नर्सेस काउंसिल को मिली नई रजिस्ट्रार: लक्ष्मी साहू (रामटेके) की नियुक्ति, दो माह से अटके सैकड़ों रजिस्ट्रेशन होंगे शुरू

रायपुर. राज्य शासन ने लक्ष्मी साहू को छत्तीसगढ़ नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल (सीजीएनआरसी) का रजिस्ट्रार नियुक्त किया है। रजिस्ट्रार की नियुक्ति के बाद सैकड़ों की संख्या में रजिस्ट्रेशन के लिए पेंडिंग आवेदनों को अब गति मिलेगी। नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल में दुर्गा उसारे को सस्पेंड किए जाने के बाद से रजिस्ट्रार का पद खाली था। कुछ दिनों पहले रजिस्ट्रार के लिए इंटरव्यू हुआ था लेकिन नियुक्ति अटकी हुई थी। अब राज्य शासन ने जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र धमतरी की सिस्टर ट्यूटर लक्ष्मी साहू (रामटेके) को आगामी आदेश तक काउंसिल में रजिस्ट्रार नियुक्त कर दिया है। रजिस्ट्रार नहीं होने के कारण दो माह से नर्सिंग विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया अटकी हुई है। रजिस्ट्रेशन के लिए ऑनलाइन आवेदन होने और वेरिफिकेशन नहीं होने की वजह से सैकड़ों विद्यार्थी उच्च शिक्षा (एमएससी नर्सिंग) और नौकरी के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। रजिस्ट्रेशन नंबर के अभाव में बड़ी संख्या में नर्सिंग के छात्र एमएससी परीक्षा नहीं दे पा रहे हैं। ऐसे परेशान विद्यार्थियों में एम्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग के 73 विद्यार्थी भी हैं। बिना रजिस्ट्रेशन राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के अलावा नौकरी से वंचित होना पड़ रहा है। विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन नहीं होने की शिकायत इंडियन नर्सिंग काउंसिल में भी की है। अब रजिस्ट्रार की नियुक्ति हो गई है तो शीघ्र ही पेंडिंग आवेदनों के वेरिफिकेशन और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू होगी।

Comments