बिलासपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणामों की समीक्षा के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल के सख्त निर्देशों का असर अब स्कूलों में दिखाई देने लगा है। बोर्ड परीक्षा में पूरक और अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को दोबारा पढ़ाई से जोड़ने के लिए जिले के स्कूलों में विशेष तैयारी शुरू कर दी गई है।
समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए थे कि 10वीं और 12वीं में फेल एवं पूरक छात्रों के लिए विशेष कक्षाएं संचालित की जाएं। विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय देकर पढ़ाने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया था। इसके बाद जिले के कई स्कूलों में सुबह 8 बजे से 10 बजे तक विशेष क्लासें शुरू कर दी गई हैं।
10,731 विद्यार्थी देंगे द्वितीय अवसर परीक्षा
जिले में इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा में 65.30 प्रतिशत और 12वीं में 79.19 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए हैं।
10वीं में कुल 21,959 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 6,109 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण हुए। इनमें 3,376 छात्र और 2,733 छात्राएं शामिल हैं। वहीं 1,471 विद्यार्थियों को पूरक मिला है।
12वीं बोर्ड परीक्षा में 15,172 विद्यार्थियों में से 1,530 परीक्षार्थी असफल हुए हैं, जिनमें 930 छात्र और 600 छात्राएं हैं। इसके अलावा 1,621 विद्यार्थियों को पूरक मिला है। ये सभी विद्यार्थी बोर्ड की द्वितीय अवसर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
विद्यार्थियों को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि असफल विद्यार्थियों को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। स्कूल और शिक्षक मिलकर उन्हें दोबारा तैयार करेंगे, ताकि वे द्वितीय अवसर परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
इसके लिए शिक्षकों की जिम्मेदारी तय कर अलग-अलग बैच बनाए गए हैं। विद्यार्थियों की व्यक्तिगत काउंसलिंग के बाद उनके द्वितीय अवसर परीक्षा के आवेदन भी जमा कराए गए हैं। साथ ही नियमित पढ़ाई और मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है।
10वीं-12वीं का रिजल्ट सुधारने एक्शन में शिक्षा विभाग, फेल-पूरक छात्रों के लिए विशेष क्लास

Comments