छत्तीसगढ़ हाट की जगह बनेगा मॉडल मॉल, फूड कोर्ट, ऑडिटोरियम, म्यूजियम शामिल

रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी में ग्रीन बिल्डिंग और सोलर एनर्जी आधारित आत्मनिर्भर मॉडल पर पीएम एकता मॉल का निर्माण तेजी से जारी है। ग्रामोद्योग सचिव राजेश सिंह राणा ने अधिकारियों और तकनीकी टीम के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
अधिकारियों ने बताया कि मॉल निर्माण का लगभग 27 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। बेसमेंट का निर्माण 90 प्रतिशत और ग्राउंड फ्लोर का स्ट्रक्चर करीब 50 प्रतिशत तक तैयार हो गया है। निरीक्षण के दौरान सचिव ने दिसंबर 2026 तक निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
ग्रीन बिल्डिंग और सोलर एनर्जी पर विशेष जोर
पीएम एकता मॉल को पर्यावरण अनुकूल और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जा रहा है। परियोजना में ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट लागू किया गया है। साथ ही भवन की दीवारों और छत की वर्टिकल सतहों पर अतिरिक्त सोलर पैनल लगाने की संभावनाओं का अध्ययन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सौर ऊर्जा का अधिकतम उपयोग किया जा सके।
193 करोड़ की लागत से बन रहा मॉल
करीब 193 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस मॉल में देशभर के राज्यों के स्थानीय और पारंपरिक उत्पाद उपलब्ध होंगे। मॉल में फूड कोर्ट, ऑडिटोरियम, म्यूजियम, एक्सपीरियंस जोन, पोडियम एम्फीथिएटर तथा 400 कारों की पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
केंद्र सरकार ने इस परियोजना के लिए ग्रामोद्योग विभाग को नोडल एजेंसी बनाया है। सचिव राजेश सिंह राणा ने कहा कि निर्माण कार्यों की हर 15 दिन में समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान हस्तशिल्प विकास बोर्ड के प्रबंध संचालक जे.पी. मौर्य, आरडीए के कार्यपालन अभियंता सुशील शर्मा, सहायक अभियंता विवेक सिन्हा तथा परियोजना प्रबंधन सलाहकार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Comments