पेट्रोल-डीजल, सोना, राशन के दाम बढ़ने पर विरोध, आज से प्रदेशव्यापी आंदोलन

रायपुर, 17 मई 2026। देश में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और खाद्य सामग्रियों की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने मोदी सरकार की नीतियों के विरोध में 4 दिवसीय प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। आंदोलन आज 17 मई से शुरू हो गया है।
पीसी के निर्देशों के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता 4 दिन तक सड़कों पर उतरकर भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता के सामने रखेंगे। पहले दिन पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों और संकट के विरोध में पेट्रोल पंपों के सामने धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने की मांग की जाएगी।
18 मई को खाद्य तेल और राशन सामग्री की बढ़ती कीमतों को लेकर किराना बाजारों में प्रदर्शन होगा। 19 मई को एपम के जरिए सोने की खरीदारी न करने की अपील पर सराफा कारोबार ठप कर प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान सोना-चांदी के व्यापारियों, कारीगरों और कर्मचारियों की रोजी-रोटी पर संकट के विरोध में सराफा बाजारों में भी प्रदर्शन होगा।
आंदोलन के अंतिम दिन 20 मई को सोशल मीडिया पर अभियान चलाया जाएगा। इसमें महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कमी को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रचार किया जाएगा।
राजधानी के सभी ब्लॉकों में प्रदर्शन
रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के सभी 12 ब्लॉकों में पेट्रोल पंपों के सामने और प्रमुख चौराहों पर विरोध प्रदर्शन किया गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन की अगुवाई में प्रदर्शनकारियों ने मोदी सरकार पर महंगाई बढ़ाने के आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मोदी सरकार की गलत नीतियों और गलत फैसलों का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। इस दौरान वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों ने भी समर्थन दिया।

Comments