प्रदेश में तपन का कहर, अगले 3 दिन बारिश के आसार

बिलासपुर, 17 मई 2026। छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी बदली और बारिश तो कभी तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है। बढ़ती उमस के कारण दिनभर बेचैनी बनी हुई है और पंखे-कूलर की हवा भी राहत नहीं दे पा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया। वहीं बिलासपुर का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री कम है।
अगले 3 दिन बारिश और तेज हवा के आसार
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा, हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। 17 मई को एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ इलाकों में अंधड़ चलने और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण लगभग 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है। पश्चिमी हवाओं की गति 35 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे अधिक रहने की संभावना है।
प्री-मानसून गतिविधियों का असर
दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। प्री-मानसून गतिविधियों के कारण प्रदेश में बादल, बारिश और तेज धूप का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। इससे दिन और रात दोनों समय उमस बढ़ गई है और लोग गर्मी से परेशान हैं।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना भी जताई है।

Comments