दोस्तों ने जबरन पिलाई शराब, रिसॉर्ट मालिक ने किया दुष्कर्म; युवती की मौत ने खोले कई राज

राजनांदगांव, 20 जून : जिले के सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मनगट्टा स्थित विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट में युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि युवती के साथ आए दो दोस्तों ने उसे जबरन शराब पिलाई और नशे की हालत में रिसॉर्ट लेकर पहुंचे, जहां रिसॉर्ट संचालक ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस के अनुसार, भिलाई निवासी 24 वर्षीय युवती एक टॉकीज में मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। 18 जून को वह अपने दोस्तों छत्रपाल देशमुख और घनश्याम बेलचंदन के साथ रायपुर घूमने गई थी। आरोप है कि दोनों दोस्तों ने उसे उसकी इच्छा के विरुद्ध शराब पिलाई, जिससे वह पूरी तरह बेसुध हो गई।
इसके बाद दोनों आरोपी युवती को राजनांदगांव जिले के मनगट्टा स्थित विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट लेकर पहुंचे। जांच में खुलासा हुआ कि रिसॉर्ट संचालक आशुतोष हिरवानी ने युवती की असहाय स्थिति का फायदा उठाते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया। उसी रात युवती की रिसॉर्ट के बाथरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
18 जून की रात मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री से पुलिस को युवती की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर सोमनी पुलिस और साइबर सेल की विशेष टीम गठित की गई।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के शरीर पर खरोंच के निशान और अंदरूनी चोटें भी पाई गई हैं। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है।
फिलहाल विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट को सील कर दिया गया है तथा तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Comments