18 जून निर्णायक दिन: मांगों पर फैसला नहीं तो सड़कों पर उतरेंगे कर्मचारी

रायपुर, 17 जून 2026: नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। 15 जून से कर्मचारी और अधिकारी काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 18 जून तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो सभी कर्मचारी सामूहिक अवकाश लेकर "काम बंद-कलम बंद" आंदोलन करेंगे।
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार उनकी प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना लागू करना, निगम मुख्यालय और जोन कार्यालयों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों के लिए सम्मानजनक वेतनमान तय करना तथा कर्मचारियों की अन्य लंबित समस्याओं का समाधान शामिल है।
संघ अध्यक्ष प्रमोद जाधव ने बताया कि 17 जून तक काली पट्टी लगाकर विरोध जारी रहेगा। वहीं नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के विदेश दौरे से लौटने के बाद 18 जून को परामर्शदात्री समिति की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा।
कर्मचारियों का कहना है कि यदि बैठक में ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। ऐसे में नगर निगम की विभिन्न सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है।

Comments