CG Assembly Session 2026: 13 जुलाई से मानसून सत्र, उर्वरक संकट, बिजली बिल वृद्धि, हसदेव और भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों पर घमासान के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधानसभा का दशम मानसून सत्र आगामी 13 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक आयोजित होगा। पांच दिवसीय इस सत्र के दौरान लगातार पांच बैठकें होंगी, जिनमें वित्तीय कार्यों के साथ-साथ विभिन्न शासकीय विषयों पर चर्चा और निर्णय लिए जाएंगे। विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा द्वारा मानसून सत्र की अधिसूचना जारी किए जाने के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
 
अधिसूचना जारी होने के बाद अब 16 जून से विधानसभा में सवाल लगाने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार का मानसून सत्र काफी हंगामेदार रहने वाला है।
 
उर्वरक संकट और बिजली बिल बढ़ोतरी पर घिरेगी सरकार
 
मानसून सत्र में खेती-किसानी से जुड़े मुद्दे हमेशा केंद्र में रहते हैं, लेकिन इस बार किसानों को खाद और उर्वरक की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और संभावित संकट का मुद्दा सदन में प्रमुखता से उठ सकता है। इसके अलावा बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर भी विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है।
 
हसदेव, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर होगी तीखी बहस
 
राज्य के चर्चित हसदेव अरण्य क्षेत्र में पेड़ों की कटाई, कानून व्यवस्था की स्थिति, विभिन्न योजनाओं में कथित अनियमितताएं और भ्रष्टाचार के मुद्दे भी सदन में गूंज सकते हैं। विपक्ष इन विषयों को लेकर सरकार से जवाब मांगने की रणनीति बना रहा है।
 
साड़ी और नकली मंगलसूत्र वितरण मामला भी बनेगा मुद्दा
 
हाल के दिनों में चर्चा में रहे साड़ी वितरण और नकली मंगलसूत्र वितरण से जुड़े मामलों को लेकर भी सदन में तीखी बहस होने की संभावना है। विपक्ष इन मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग कर सकता है।
 
रामकुमार टोप्पो प्रकरण पर भी गरमा सकता है सदन
 
विधायक रामकुमार टोप्पो से जुड़े प्रकरण और अन्य राजनीतिक विवाद भी मानसून सत्र में चर्चा का केंद्र बन सकते हैं। ऐसे में पांच दिवसीय यह सत्र राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और तीखी नोकझोंक का गवाह बन सकता है।
 
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी मानसून सत्र केवल विधायी कार्यवाही तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश के कई संवेदनशील और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल सकती है।

Comments