चरित्र शंका में खूनी वार: बिलासपुर में पति ने चापड़ से पत्नी का गला काटकर की हत्या

बिलासपुर, 16 जून 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला स्थित संगम नगर में एक 64 वर्षीय बुजुर्ग ने अपनी पत्नी पर चापड़ से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, मंगला क्षेत्र के दीनदयाल कॉलोनी स्थित संगम नगर निवासी बंचूराम सोनवानी (64) अपनी पत्नी सुमित्रा सोनवानी (60), बेटे और बहू के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
मंगलवार शाम करीब 4 बजे जब बेटा और बहू घर में निर्माण कार्य में व्यस्त थे, उसी दौरान बंचूराम ने घर में रखे चापड़ से अपनी पत्नी पर अचानक ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सुमित्रा सोनवानी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल पर फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए और जांच शुरू की।
सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के अन्य लोगों से बातचीत करने पर आपत्ति जताता था। वहीं, परिजनों ने पुलिस को आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की जानकारी भी दी है।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments