CG Teacher Recruitment: 2300 शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए डीएड अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड चयनित अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। नवा रायपुर के तूता धरनास्थल पर अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने अब अपनी मांग सीधे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाई है। अभ्यर्थियों ने स्पीड पोस्ट के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम पत्र भेजकर 2300 रिक्त सहायक शिक्षक पदों पर तत्काल नियुक्ति की मांग की है।
 
तेज धूप और उमस भरे मौसम के बीच धरनास्थल पर डटे अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिल पाया है। अभ्यर्थियों के अनुसार वे 24 दिसंबर 2025 से लगातार आंदोलनरत हैं और नियुक्ति आदेश जारी होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प ले चुके हैं।
 
हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला
 
आंदोलनरत अभ्यर्थियों का दावा है कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुरूप योग्य डीएड अभ्यर्थियों को रिक्त पदों पर नियुक्ति मिलनी चाहिए। उनका आरोप है कि न्यायालय के निर्देशों के बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही है, जिससे हजारों चयनित अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
 
लिखित आदेश तक जारी रहेगा आंदोलन
 
डीएड चयनित अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक राज्य सरकार उनकी नियुक्ति को लेकर लिखित आदेश जारी नहीं करती, तब तक उनका धरना, प्रदर्शन और आंदोलन जारी रहेगा। अभ्यर्थियों का कहना है कि यह केवल नौकरी की लड़ाई नहीं, बल्कि उनके भविष्य और वर्षों की मेहनत का सवाल है।
 
प्रदेशभर से जुटे अभ्यर्थी
 
छत्तीसगढ़ डीएड अभ्यर्थी संघ के आह्वान पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित अभ्यर्थी नवा रायपुर पहुंचकर आंदोलन में शामिल हो रहे हैं। धरनास्थल पर बड़ी संख्या में युवा अपनी मांगों को लेकर एकजुट दिखाई दे रहे हैं।
 
अब सभी की निगाहें राज्य सरकार और केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं। आंदोलनरत अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि उनकी आवाज प्रधानमंत्री तक पहुंचेगी और लंबे समय से लंबित नियुक्ति प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाएगा।

Comments