रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस बार युवा कांग्रेस ने राज्य में 15 लाख सदस्य बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। खास बात यह है कि सदस्यता शुल्क को बढ़ाकर 50 रुपए से 75 रुपए कर दिया गया है। यदि लक्ष्य के अनुरूप 15 लाख सदस्य बनते हैं, तो केवल सदस्यता शुल्क के माध्यम से ही 11 करोड़ 25 लाख रुपए से अधिक की राशि युवा कांग्रेस के खाते में जमा होगी।
युवा कांग्रेस चुनाव में केवल उन्हीं सदस्यों को मतदान का अधिकार मिलेगा, जिन्होंने निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा कर सदस्यता ली होगी। पिछली बार हुए चुनाव में लगभग 10 लाख सदस्य बनाए गए थे, जबकि इस बार संगठन ने सदस्यता अभियान को और व्यापक बनाने की रणनीति तैयार की है।
दिल्ली में इंटरव्यू, अध्यक्ष पद की दौड़ तेज
प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के दावेदारों का दिल्ली में इंटरव्यू लिया गया है। विभिन्न जिलों से 35 से अधिक युवा नेता कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे, जहां उनकी दावेदारी पर मंथन किया गया। इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम में बदलाव, नई तारीखों का इंतजार
ब्लॉक और जिला इकाइयों के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 मई से 13 जून तक निर्धारित थी, लेकिन संगठनात्मक पुनर्गठन और ब्लॉकों में बदलाव के कारण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। अब 15 जून के बाद नई तारीखों की घोषणा की जाएगी, जिसके बाद चुनावी प्रक्रिया दोबारा शुरू होगी।
आम कार्यकर्ता के लिए चुनाव मुश्किल!
युवा कांग्रेस के अंदर यह चर्चा भी तेज है कि अध्यक्ष पद के लिए समर्थन जुटाना काफी खर्चीला साबित हो सकता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बड़े नेताओं के समर्थन या मजबूत राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों को इसका लाभ मिल सकता है। पिछली बार के चुनावों में सदस्यता प्रक्रिया को लेकर कई विवाद और शिकायतें भी सामने आई थीं।
सदस्य बनने के लिए क्या जरूरी?
युवा कांग्रेस की सदस्यता लेने के लिए आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है। सदस्यता के दौरान आवेदकों को अपना लाइव फोटो, वोटर आईडी कार्ड, आयु प्रमाण पत्र और 8 सेकेंड का सत्यापन वीडियो ऑनलाइन अपलोड करना होगा।
पूरी तरह ऑनलाइन होगी चुनाव प्रक्रिया
संगठन चुनाव को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए सदस्यता अभियान और मतदान प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। चुनाव संचालन के लिए प्रदेश को पांच जोन में विभाजित किया गया है और प्रत्येक जोन में अलग चुनाव अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
जोनवार आरक्षण घोषित
युवा कांग्रेस संगठन चुनाव में सामाजिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए जोनवार आरक्षण की घोषणा भी की गई है।
• बस्तर जोन – कांकेर (एसटी)
• सरगुजा जोन – सरगुजा (एससी)
• बिलासपुर जोन – कोरबा सिटी (एसटी)
• रायपुर जोन – बलौदाबाजार (एससी)
• दुर्ग जोन – बेमेतरा (एसटी)
संगठन का दावा है कि इस व्यवस्था से सभी वर्गों को नेतृत्व में उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा।
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव अब केवल संगठनात्मक प्रक्रिया नहीं, बल्कि युवा नेतृत्व की नई राजनीतिक दिशा तय करने वाला बड़ा मंच बनता जा रहा है।
CG युवा कांग्रेस चुनाव : 15 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य, 75 रुपए सदस्यता शुल्क से जुटेंगे 11 करोड़ से अधिक

Comments