जानकारी के मुताबिक, चोरों ने बेहद शातिराना अंदाज में फ्लाई ऐश के नीचे लोहा छिपाकर प्लांट से बाहर निकाला। सबसे बड़ी बात यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में लोहा प्लांट परिसर से बाहर निकल गया, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
भिलाई स्टील प्लांट की सुरक्षा में CISF के जवान 24 घंटे तैनात रहते हैं और पूरे परिसर में सैकड़ों CCTV कैमरे लगे हुए हैं। इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस को आशंका है कि इस पूरे मामले में अंदरूनी मिलीभगत हो सकती है।
सूचना मिलने पर दुर्ग पुलिस ने हथखोज क्षेत्र के एक कबाड़ गोदाम में दबिश दी। छापेमारी के दौरान BSP से चोरी किया गया करीब 250 टन लोहा बरामद कर लिया गया। पुलिस ने गोदाम को सील कर दिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है। साथ ही प्लांट कर्मचारियों और सुरक्षा में तैनात लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद BSP प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था भी जांच के घेरे में आ गई है।

Comments