दुष्कर्म केस में नया मोड़: समझौते के नाम पर वसूली, कांग्रेस नेता और पत्रकार गिरफ्तार

रायपुर, 13 जून 2026। राजधानी रायपुर के धरसींवा क्षेत्र में दर्ज नाबालिग दुष्कर्म प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है। मामले को दबाने और समझौते के नाम पर कथित रूप से 1.30 लाख रुपए की वसूली करने के आरोप में पुलिस ने कांग्रेस नेता सूरज ठाकुर और पत्रकार सैफी खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों ने आरोपी पक्ष से रकम लेकर मामले को सेटल कराने में भूमिका निभाई थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि समझौते के लिए कुल 1.30 लाख रुपए का लेन-देन किया गया था, जिसमें राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की गई। डिजिटल ट्रांजेक्शन के रिकॉर्ड, पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
इससे पहले पुलिस पीड़िता के दादा सहित तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आरोप है कि पीड़िता के दादा ने आरोपी पक्ष से समझौते के लिए रकम ली थी। पुलिस ने उनके पास से एक लाख रुपए नकद भी बरामद किए थे।
मामले की दिशा तब बदली जब सोशल मीडिया पर वीडियो और ऑडियो क्लिप सामने आए। 18 अप्रैल 2026 को दर्ज इस मामले में शुरुआती जांच के दौरान नाबालिग ने अपराध से इनकार किया था, जिसके बाद केस बंद करने की तैयारी चल रही थी। लेकिन नए सबूत सामने आने के बाद पुलिस ने जांच दोबारा शुरू की।
नई जांच में पहले दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार किए गए। इसके बाद कथित सौदेबाजी, बिचौलियों की भूमिका और पैसों के लेन-देन से जुड़े कई तथ्य सामने आए। पुलिस का दावा है कि उसके पास रकम लेने से जुड़े वीडियो साक्ष्य भी मौजूद हैं।
अधिकारियों के मुताबिक मामले में वित्तीय लेन-देन और अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच जारी है। जांच में नए तथ्य सामने आने पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Comments