नितिन नवीन का छत्तीसगढ़ दौरा टला, नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के बाद होगा बड़ा प्रवास

source : social media
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का जून माह में प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरा फिलहाल स्थगित हो गया है। विश्व योग दिवस (21 जून) के अवसर पर उनके रायपुर आगमन की संभावनाओं को देखते हुए प्रदेश भाजपा संगठन ने प्रारंभिक स्तर पर तैयारियां भी शुरू कर दी थीं, लेकिन अब राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम पंजाब के लिए तय हो गया है।
 
सूत्रों के अनुसार नितिन नवीन 20 से 22 जून तक पंजाब प्रवास पर रहेंगे, जहां वे आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेंगे। भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व इन दिनों पंजाब में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने में जुटा हुआ है।
 
इधर, छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन अब राष्ट्रीय अध्यक्ष के नए कार्यक्रम की प्रतीक्षा कर रहा है। पार्टी सूत्रों का मानना है कि भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी एवं केंद्रीय पदाधिकारियों की घोषणा के बाद नितिन नवीन का छत्तीसगढ़ दौरा तय किया जा सकता है। संभावना जताई जा रही है कि जून के अंतिम सप्ताह तक नई राष्ट्रीय टीम का गठन पूरा हो जाएगा।
 
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा, इसलिए इसे संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी के रूप में लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभा चुके नितिन नवीन का राज्य के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ विशेष जुड़ाव रहा है। यही कारण है कि उनके संभावित दौरे को लेकर भाजपा संगठन में उत्सुकता और प्रतीक्षा दोनों बनी हुई है।
 
राजनीतिक गलियारों में अब सबकी निगाहें भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के गठन और उसके बाद घोषित होने वाले राष्ट्रीय अध्यक्ष के छत्तीसगढ़ प्रवास पर टिकी हुई हैं।

Comments