शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की संयुक्त टीम ने 14 मई को मृत हुए मेहतरू साहू (40) की कब्र की खुदाई कर शव बाहर निकाला। शव से आवश्यक नमूने लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
ग्रामीणों के अनुसार फरवरी 2026 से लेकर 14 मई तक गांव के रामसाय जायसवाल ने कई लोगों को शराब पिलाई थी, जिसके बाद एक-एक कर आठ लोगों की मौत हो गई। इसी दौरान एक अन्य ग्रामीण की तबीयत शराब पीने के बाद अचानक बिगड़ गई थी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद उसकी जान बच गई।
मामले को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण कसडोल थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर लोगों को पिलाया गया, जिससे उनकी मौत हुई।
गांव में इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं। कुछ ग्रामीणों का दावा है कि आरोपी कथित रूप से जमीन में दबे खजाने को पाने के लिए लोगों की बलि दे रहा था। हालांकि पुलिस ने ऐसी किसी भी बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच पूरी होने तक अंधविश्वास या अफवाहों से बचने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठने की उम्मीद है।

Comments