बच्चों की सेहत से समझौता नहीं: स्कूल खोलने की तैयारी पर प्रशासन का कड़ा रुख

रायपुर, 01 जून 2026। राजधानी रायपुर में भीषण गर्मी के बीच कुछ निजी स्कूलों द्वारा 1 जून से कक्षाएं शुरू करने के लिए अभिभावकों को संदेश भेजे जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच बच्चों को स्कूल बुलाने की तैयारी पर पालकों ने कड़ी आपत्ति जताई है और जिला शिक्षा विभाग से शिकायत की है।
जानकारी के अनुसार, राज्य शासन की गाइडलाइन के मुताबिक नया शैक्षणिक सत्र 16 जून से प्रारंभ होना है। इसके बावजूद कुछ निजी स्कूलों ने जून के पहले सप्ताह से कक्षाएं संचालित करने की सूचना अभिभावकों को भेज दी। इससे पालकों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने इसे बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बताया।
शिकायत मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने स्पष्ट किया है कि भीषण गर्मी के दौरान बच्चों को स्कूल बुलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। शासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन सभी स्कूलों के लिए अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावकों का कहना है कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों में सुबह घर से निकलना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में छोटे बच्चों को स्कूल भेजना जोखिम भरा हो सकता है। उन्होंने मांग की है कि मौसम सामान्य होने तक स्कूलों को ऑनलाइन या वैकल्पिक व्यवस्था अपनानी चाहिए।
शिक्षा विभाग ने सभी निजी स्कूल संचालकों को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की चेतावनी दी है।

Comments