15 मिनट की बारिश बनी काल, पेड़ का विशाल डंगाल गिरने से तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत

कोरबा, 31 मई 2026। जिले में शनिवार शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई। मौसम के अचानक बदले मिजाज ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। पाली क्षेत्र के एक गांव में पेड़ का भारी डंगाल टूटकर गिरने से उसके नीचे खड़े तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। मौसम से बचने के लिए तीनों युवक एक बड़े पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज हवा के झोंके से पेड़ का विशाल डंगाल टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, जिले के कई हिस्सों में तेज आंधी के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हुई। कई क्षेत्रों में घंटों तक बिजली गुल रही। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की अपील की है।

Comments