हादसे में 4 की जान गई खुशियों की ट्रिप खत्म हुई त्रासदी में, भिलाई परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

भिलाई/चंबा, 01 जून 2026। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भिलाई के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार छुट्टियां मनाने और बर्फबारी का आनंद लेने हिमाचल गया था, लेकिन यह यात्रा उनके लिए आखिरी सफर साबित हुई।
जानकारी के अनुसार, बैरागढ़-साचपास-किलाड़ मार्ग पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में कुल आठ लोगों की मौत हुई, जिनमें भिलाई के चंद्राकर परिवार के चार सदस्य शामिल हैं।
मृतकों में अरविंद चंद्राकर, उनकी पत्नी प्राची चंद्राकर और उनके दो बेटे शामिल हैं। बताया गया कि परिवार मूल रूप से भिलाई का रहने वाला था, जबकि रोजगार के सिलसिले में बेंगलुरु में निवास कर रहा था। सभी लोग हिमाचल प्रदेश घूमने पहुंचे थे और साचपास की ओर जाते समय यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद शवों को खाई से बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हादसे की खबर मिलते ही भिलाई और बेंगलुरु में परिवार के परिचितों और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Comments