छत्तीसगढ़ की दो राज्यसभा सीटों पर चुनाव का बिगुल: आज अधिसूचना होगी जारी, 16 मार्च को मतदान

रायपुर।
छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की 5 सीटों में से 2 सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। निर्वाचन आयोग 26 फरवरी को अधिसूचना जारी करेगा। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च निर्धारित की गई है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 6 मार्च को होगी। अभ्यर्थी 9 मार्च तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
 
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान 16 मार्च (सोमवार) को प्रातः 9 बजे से सायं 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना की जाएगी। नामांकन पत्र 26 फरवरी से 5 मार्च तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन स्थित निर्धारित कक्ष में रिटर्निंग ऑफिसर (सचिव, छत्तीसगढ़ विधानसभा) के समक्ष प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
 
 90 विधायक करेंगे मतदान
 
राज्यसभा चुनाव में प्रदेश के कुल 90 विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वर्तमान विधानसभा संरचना के अनुसार
भारतीय जनता पार्टी – 54 विधायक
इंडियन नेशनल कांग्रेस – 35 विधायक
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी – 1 विधायक
 
 दो सीटें हो रही रिक्त
 
आगामी 9 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य तेजपाल सिंह तुलसी एवं फूलो देवी नेताम का कार्यकाल पूर्ण हो रहा है। इनके स्थान पर नए सदस्यों का निर्वाचन कराया जाएगा। राजनीतिक दृष्टि से यह चुनाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि विधानसभा में दलों की वर्तमान संख्या के आधार पर परिणाम तय होने की संभावना है। अब सभी दलों की नजर उम्मीदवारों के चयन और रणनीति पर टिकी है।

Comments