राजनांदगांव। सोमनी थाना क्षेत्र में नाबालिग से कथित प्रताड़ना और अभद्र व्यवहार के मामले में पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने थाना प्रभारी अरुण नामदेव और महिला हवलदार राजश्री सिंह को निलंबित कर दिया है। शनिवार सुबह दोनों के निलंबन के आदेश जारी किए गए।
थाना प्रभारी अरुण नामदेव को पहले ही लाइन अटैच किया गया था। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए आगे की कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया। साथ ही पूरे घटनाक्रम की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
इधर स्वास्थ्य विभाग ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल में उपयोग की गई जांच किटों की जांच शुरू कर दी है। ड्रग विभाग ने संबंधित किट के नमूने लेकर गुणवत्ता परीक्षण के लिए फॉरेंसिक प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मामले में राज्य बाल संरक्षण आयोग ने भी संज्ञान लिया है। आयोग की टीम सोमवार को पीड़ित नाबालिग और उसके परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ले सकती है। इसके बाद आयोग पुलिस विभाग से विस्तृत रिपोर्ट भी मांग सकता है।
पुलिस अधीक्षक ने विभागीय जांच की जिम्मेदारी डीएसपी के.पी. मरकाम को सौंपी है। उन्हें सात दिनों के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले को लेकर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग दोनों स्तरों पर जांच जारी है।
नाबालिग प्रताड़ना मामले में बड़ी कार्रवाई: TI और महिला हवलदार सस्पेंड, जांच किट भी जांच के घेरे में

Comments