डीपीआई ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों, संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर वर्तमान भर्ती प्रक्रिया को रोकने तथा इसकी जानकारी मुख्यालय को उपलब्ध कराने को कहा है।
अब तक आत्मानंद स्कूलों में भर्ती जिला स्तर पर गठित समितियों के माध्यम से की जाती थी। नई व्यवस्था के तहत लोक शिक्षण संचालनालय केंद्रीयकृत परीक्षा आयोजित करेगा। परीक्षा परिणाम के आधार पर मेरिट सूची तैयार कर नियुक्ति के लिए संबंधित जिलों को भेजी जाएगी।
सूत्रों के अनुसार कई जिलों में भर्ती प्रक्रिया शुरू ही नहीं हो पाई थी। कुछ जिलों में विज्ञापन तक जारी नहीं हुए थे। इसी असमानता को देखते हुए राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को एकरूप और पारदर्शी बनाने के लिए यह निर्णय लिया है।
रायपुर जिले में भर्ती प्रक्रिया दस्तावेज सत्यापन तक पहुंच चुकी थी। यहां 19 फरवरी 2026 को विज्ञापन जारी किया गया था और 26 मई से दस्तावेज सत्यापन शुरू हो चुका था, जिसे 8 जून तक पूरा किया जाना था। हालांकि नए आदेश के बाद यह प्रक्रिया भी प्रभावित होगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि केंद्रीयकृत परीक्षा की प्रक्रिया, पात्रता, चयन नियम और अन्य दिशा-निर्देशों को लेकर जल्द विस्तृत गाइडलाइन जारी की जाएगी।

Comments