सावधान! केदारनाथ हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी, रायपुर के रिटायर्ड शिक्षक से 90 हजार रुपए ऐंठे.. जानें पूरा मामला

रायपुर। राजधानी रायपुर में धार्मिक यात्रा के नाम पर साइबर ठगी का एक और बड़ा मामला सामने आया है। केदारनाथ धाम में हेलीकॉप्टर से दर्शन कराने का झांसा देकर ठगों ने एक रिटायर्ड व्याख्याता से 90 हजार रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित ने गूगल सर्च के जरिए हेलीकॉप्टर बुकिंग कराई थी, लेकिन बाद में पता चला कि वेबसाइट और संपर्क नंबर पूरी तरह फर्जी थे।

पुलिस के अनुसार शैलेंद्र नगर निवासी 62 वर्षीय के. राज गोपाल अपने परिवार के साथ उत्तराखंड की धार्मिक यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे थे। केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग करने के उद्देश्य से उन्होंने इंटरनेट पर जानकारी खोजी। इसी दौरान उन्हें कथित हेलीकॉप्टर सेवा कंपनी का नंबर मिला। संपर्क करने पर ठगों ने बुकिंग के नाम पर अलग-अलग किश्तों में 90 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।

यात्रा से पहले जब पीड़ित ने दोबारा संपर्क किया तो उनसे और पैसों की मांग की गई। शक होने पर उन्होंने पड़ताल की, तब पता चला कि वेबसाइट और नंबर दोनों फर्जी हैं। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी ठगी

राजधानी में इससे पहले वैष्णो देवी, चारधाम और केरल टूर पैकेज के नाम पर भी कई लोग साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। ठग फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया विज्ञापन और गूगल सर्च के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं।

ऐसे बचें साइबर ठगी से

✔ केवल सरकारी या अधिकृत वेबसाइट से ही बुकिंग करें।
✔ गूगल पर दिखने वाले हर नंबर पर भरोसा न करें।
✔ भुगतान से पहले कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और हेल्पलाइन से पुष्टि करें।
✔ किसी अनजान खाते में एडवांस ट्रांसफर करने से पहले पूरी जांच करें।
✔ संदिग्ध वेबसाइट या ऑफर मिलने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।

Comments