रायपुर के सराफा बाजार में सनसनी, दुकान से करोड़ों के जेवर लेकर भागा कर्मचारी

रायपुर, 20 मई 2026।
राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित एक प्रतिष्ठित सराफा दुकान से करीब 2 करोड़ रुपए के सोने के जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे सराफा कारोबार में हड़कंप मच गया है। कारोबारी ने अपने 16 साल पुराने कर्मचारी पर चोरी का आरोप लगाया है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक सदर बाजार में संचालित मनोहरमल एंड कंपनी में आरोपी कर्मचारी लंबे समय से काम कर रहा था। उसकी ईमानदारी और भरोसे को देखते हुए दुकान मालिक ने उसे रोजाना डिस्प्ले में रखे गए जेवरों को सुरक्षित लॉकर में रखने की जिम्मेदारी सौंप रखी थी।
बताया जा रहा है कि बीते कुछ समय से दुकान से धीरे-धीरे सोने के जेवर गायब हो रहे थे। शक होने पर कारोबारी ने स्टॉक का मिलान कराया, जिसमें करीब 2 करोड़ रुपए से अधिक के गहने कम पाए गए। इसके बाद दुकान में लगे CCTV कैमरों की जांच की गई, जिसमें कर्मचारी की संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं।
कारोबारी की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो वह फरार मिला। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
इस घटना के बाद सराफा व्यापारियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। कारोबारियों का कहना है कि लंबे समय से भरोसे पर काम कर रहे कर्मचारियों की गतिविधियों पर भी अब विशेष नजर रखने की जरूरत है।

Comments