तेज रफ्तार कार का कहर: हाईवे किनारे खड़े दो युवकों को 100 फीट तक घसीटा, 2 की मौत, सड़क पर शव रखकर किया चक्काजाम

अंबिकापुर | 18 मई 2026
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नेशनल हाईवे-130 पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। अंबिकापुर-बिलासपुर रोड स्थित सांडबार बैरियर के पास रविवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि कार दोनों युवकों को करीब 100 फीट तक घसीटते हुए ले गई। इस दर्दनाक घटना में दोनों की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक सुंदरपुर निवासी अनिल कुमार गढ़ेवाल (25) रविवार शाम करीब 7:30 बजे शोरूम से घर लौट रहे थे। रास्ते में वे सांडबार स्थित हाईवे किनारे मोहम्मद तस्लीम की दुकान पर कार के टायर में हवा भरवाने रुके थे। इसी दौरान दुकान संचालक का भतीजा कमरान (20), पिता मोहम्मद नसीम, भी वहां पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लखनपुर से अंबिकापुर की ओर तेज रफ्तार में आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े दोनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक करीब 100 फीट तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
2 घंटे तक हाईवे जाम
हादसे से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग की। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। यह पूरा मामला मणिपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

Comments