182 करोड़ के ओवर टाइम घोटाले में बड़ा खुलासा, ईओडब्ल्यू ने 12 आरोपियों पर कसा शिकंजा

रायपुर, 19 मई 2026. छत्तीसगढ़ में 182 करोड़ रुपए के बहुचर्चित ओवर टाइम (OT) भुगतान घोटाले में बड़ा खुलासा हुआ है। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने मामले में 12 लोगों को आरोपी बनाते हुए विशेष न्यायालय में पहला अभियोग पत्र पेश किया है।
जांच एजेंसियों के अनुसार वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSMCL) के जरिए शराब दुकानों में कर्मचारियों के ओवर टाइम भुगतान के नाम पर करीब 182.98 करोड़ रुपए का अवैध भुगतान किया गया। आरोप है कि इस राशि को आबकारी अधिकारियों, प्लेसमेंट एजेंसियों और शराब सिंडिकेट से जुड़े लोगों के बीच कमीशन के रूप में बांटा गया।
EOW की जांच में सामने आया कि कई दुकानों में वास्तविक कर्मचारियों से अधिक संख्या दिखाकर फर्जी तरीके से ओटी भुगतान निकाला गया। कर्मचारियों के हक की राशि को व्यवस्थित तरीके से siphon कर निजी खातों और एजेंसियों तक पहुंचाया गया।
जांच एजेंसी ने बताया कि मामले में अनवर ढेबर, नवीन प्रताप सिंह तोमर, तिजाराम निर्मलकर, अभिषेक सिंह, नीरज चौधरी समेत अन्य आरोपियों को नामजद किया गया है। इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी मामले में कार्रवाई कर चुका है।
सूत्रों के मुताबिक यह घोटाला राज्य में शराब दुकानों के संचालन और प्लेसमेंट व्यवस्था में लंबे समय से चल रही अनियमितताओं का हिस्सा माना जा रहा है। मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में कई अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।

Comments