ट्रेनों में महिलाओं के बैग साफ करने वाला गैंग पकड़ा, 17 लाख के जेवर-कैश बरामद

बिलासपुर, 18 मई 2026। बिलासपुर पुलिस ने ट्रेनों में सफर करने वाली महिला यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 महिलाओं समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 17 लाख रुपए कीमत के सोने के जेवरात और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपी झारखंड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम क्षेत्र के रहने वाले हैं। पिछले कुछ समय से बिलासपुर से रायगढ़ के बीच चलने वाली ट्रेनों में महिला यात्रियों के हैंडबैग से जेवर और नकदी चोरी होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी की टीम जांच में जुटी थी। जांच के दौरान पुलिस को एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की जानकारी मिली। आरोपी ट्रेन में भीड़ और सफर के दौरान होने वाली अफरा-तफरी का फायदा उठाकर महिलाओं के बैग से सोने के जेवर और कैश चोरी कर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के सभी सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

Comments