रायपुर, 18 मई 2026। राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह बीजेपी नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मोबाइल लूट की घटना का शिकार हो गए। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के PWD ब्रिज के पास बाइक सवार बदमाश ने उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया और मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, धरमलाल कौशिक सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान आरोपी ने तेज रफ्तार बाइक से पहुंचकर उनका मोबाइल छीना और भाग निकला। घटना इतनी तेजी से हुई कि वे कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश फरार हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और करीब 8 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव के रूप में हुई है। वह पेशे से रैपिडो ड्राइवर है और मूल रूप से बलौदाबाजार जिले का रहने वाला है। वर्तमान में वह रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित राजीव नगर में रह रहा था।
इस घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गर्मा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तंज कसते हुए लिखा कि, “आप डायल 112 को झंडी दिखाते रहिए, उधर धरम लाल कौशिक जी का मोबाइल छीनकर चोर 9-2-11 हो गए।”
उन्होंने आगे कहा कि जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं, उसी दौरान राजधानी में ऐसी घटना होना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष का मोबाइल छीनकर फरार, भूपेश बघेल ने उठाए कानून व्यवस्था पर सवाल

Comments