गर्मी में हेल्दी रहना है तो ट्राय करें सौंठ वाली चाय, जानिए फायदे

रायपुर, 18 मई 2026। चाय भारतीय घरों की सबसे पसंदीदा ड्रिंक में से एक है। ज्यादातर लोग चाय में अदरक डालना पसंद करते हैं, लेकिन गर्मियों के मौसम में अदरक वाली चाय शरीर में गर्मी बढ़ा सकती है। ऐसे में एक्सपर्ट्स और आयुर्वेद सौंठ यानी सूखी अदरक के इस्तेमाल की सलाह देते हैं, जो स्वाद के साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है।
सौंठ में कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, प्रोटीन और कई जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं। इसमें आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम, पोटैशियम और फॉस्फोरस जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो शरीर को ऊर्जा देने और पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में मदद करते हैं।
आयुर्वेद के अनुसार सौंठ शरीर के मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाती है और पाचन शक्ति बढ़ाने में सहायक होती है। गर्मियों में अक्सर लोगों को पेट भारी रहने, गैस, एसिडिटी और भूख कम लगने जैसी समस्याएं होती हैं। ऐसे में सौंठ वाली चाय राहत पहुंचा सकती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि सौंठ में मौजूद प्राकृतिक गुण शरीर की थकान कम करने और दिनभर ताजगी बनाए रखने में मदद करते हैं। साथ ही यह शरीर में अतिरिक्त गर्मी भी नहीं बढ़ाती। यही वजह है कि गर्म मौसम में इसे अदरक का बेहतर विकल्प माना जाता है।
ऐसे बनाएं सौंठ वाली चाय
सौंठ वाली चाय बनाना बेहद आसान है। सबसे पहले पानी उबालें और उसमें थोड़ा सा सौंठ पाउडर या कुटी हुई सौंठ डालें। इसके बाद चायपत्ती, दूध और स्वादानुसार चीनी मिलाकर अच्छी तरह पकाएं। तैयार चाय स्वाद और सेहत दोनों का बेहतरीन कॉम्बिनेशन साबित हो सकती है।

Comments