छत्तीसगढ़ में जल्द पहुंच सकता है मानसून, 7 से 10 जून के बीच बारिश के संकेत

संकेत
रायपुर, 18 मई 2026। भीषण गर्मी और उमस से परेशान छत्तीसगढ़वासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून तय समय से पहले सक्रिय हो सकता है और 7 से 10 जून के बीच छत्तीसगढ़ में दस्तक देने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून 26 मई तक केरल पहुंच सकता है। सामान्यतः केरल पहुंचने के करीब 13 से 14 दिन बाद मानसून छत्तीसगढ़ पहुंचता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार तेज रहने के संकेत मिल रहे हैं। ऐसे में प्रदेश में समय से पहले बारिश शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी और उमस के बीच लोगों को मानसून का इंतजार है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में बने निम्न दबाव के असर से वातावरण में नमी बढ़ रही है। इसके साथ ही हवा के ऊपरी हिस्से में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसका प्रभाव आने वाले दिनों में देखने को मिल सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि मई के आखिरी सप्ताह से प्रदेश के मौसम में बदलाव शुरू हो जाएगा। कई इलाकों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं जून के पहले सप्ताह में प्री-मानसून गतिविधियां भी तेज हो सकती हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन मानसून की एंट्री के बाद लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

Comments