केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा तय, जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक

रायपुर, 16 मई 2026।  केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah के छत्तीसगढ़ दौरे के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब वे 17 मई की रात रायपुर पहुंचेंगे और 18 मई को जगदलपुर रवाना होंगे। वे 19 मई को बस्तर संभाग में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक में शामिल होंगे।
जानकारी के मुताबिक परिषद की इस महत्वपूर्ण बैठक में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। गृह मंत्री शाह 17 मई की रात करीब 8:30 बजे रायपुर पहुंचेंगे और नवा रायपुर स्थित होटल में रात्रि विश्राम करेंगे।
अगले दिन 18 मई की सुबह वे राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में ‘डायल 112’ सेवा के नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद वे एयरपोर्ट से बीएसएफ के हेलीकॉप्टर द्वारा जगदलपुर के लिए रवाना होंगे।
उधर मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने मंत्रालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में अधिकारियों ने परिषद बैठक से जुड़े विभिन्न विषयों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में इस राष्ट्रीय स्तर की बैठक का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति स्थापना और विकास की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है और यह आयोजन उसी विश्वास को मजबूत करता है।

Comments