छत्तीसगढ़ में LPG स्कैम: फर्जी दस्तावेजों से चल रहा था करोड़ों का खेल

महासमुंद | 9 मई 2026: छत्तीसगढ़ के महासमुंद में करोड़ों रुपये की LPG गैस चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स कंपनी से करीब 1.5 करोड़ रुपये की LPG गैस की अवैध हेराफेरी की गई।
जानकारी के मुताबिक दिसंबर 2025 में पुलिस ने 90 मीट्रिक टन LPG गैस ले जा रही 6 गैस कैप्सूल गाड़ियों को पकड़ा था। जांच के दौरान गाड़ियों के पास वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर सभी वाहनों को थाने में जब्त कर खड़ा कर दिया गया था।
मामले की गहन जांच के बाद पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव, सहायक खाद्य अधिकारी मनीष यादव और गौरव गैस एजेंसी के संचालक पंकज चंद्राकर शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स के मालिक संतोष ठाकुर और सार्थक ठाकुर फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध गैस कारोबार पर सवाल खड़े हो गए हैं और प्रशासन की कार्यप्रणाली भी जांच के दायरे में आ गई है।

Comments