कोलकाता, 9 मई: पश्चिम बंगाल की राजनीति में शुक्रवार को ऐतिहासिक मोड़ देखने को मिला, जब भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वे पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। राजभवन में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के दौरान सुवेंदु अधिकारी ने बंगला भाषा में ईश्वर के नाम पर शपथ ली। शपथ के बाद वे सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास पहुंचे और उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इस दृश्य ने समारोह में मौजूद नेताओं और समर्थकों का ध्यान आकर्षित किया।
सुवेंदु अधिकारी के साथ चार अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पाल, अशोक कीर्तनिया और नित्य प्रमाणिक शामिल हैं। नई सरकार के गठन को भाजपा ने बंगाल में “राजनीतिक परिवर्तन” का प्रतीक बताया।
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, NDA के कई वरिष्ठ नेता और भाजपा शासित राज्यों के करीब 20 मुख्यमंत्री मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने मंच से गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद प्रधानमंत्री ने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता 98 वर्षीय मारखनलाल सरकार का सम्मान किया। मंच पर पहुंचते ही प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें शॉल ओढ़ाई। इस दौरान भावुक हुए मारखनलाल सरकार ने प्रधानमंत्री को गले लगा लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि नई सरकार राज्य में विकास, कानून व्यवस्था और रोजगार के मुद्दों पर तेजी से काम करेगी। वहीं विपक्ष ने नई सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना सबसे बड़ी चुनौती होगी।
पश्चिम बंगाल में BJP का नया इतिहास, सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की ली शपथ
You may also like

Comments