5 मई 2026 छत्तीसगढ़ में खेलों के क्षेत्र में एक नया दौर शुरू होने जा रहा है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, उन्नत सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव प्रदान किया जाएगा।
हाल ही में श्रीनगर में आयोजित दो दिवसीय खेल चिंतन शिविर से लौटने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य में “मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन” के तहत 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस योजना का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना और ग्रामीण व जनजातीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मुख्यधारा से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही दिशा और वैज्ञानिक प्रशिक्षण देने की। इसके लिए आधुनिक कोचिंग, एडवांस ट्रेनिंग मेथड्स, परफॉर्मेंस एनालिसिस और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किए जाएंगे।
शिविर के दौरान खेलों में सुधार, नीतिगत बदलाव और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान यह भी जोर दिया गया कि मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था के बिना खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन संभव नहीं है।
सरकार चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता, एंटी-फ्रॉड सिस्टम, स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और स्पोर्ट्स स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
समापन सत्र में केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने भी खिलाड़ियों के विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और आने वाले समय में और बड़े कदम उठाने की बात कही।
छत्तीसगढ़ में खेलों का नया युग शुरू, 100 करोड़ से बनेगा स्पोर्ट्स इकोसिस्टम

Comments