नशे में बेटे ने मां की डंडे से पीट-पीटकर की हत्या, 24 घंटे में गिरफ्तार

दंतेवाड़ा, 19 जून। जिले के भांसी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धुरली टिटेमपारा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत बेटे ने अपनी ही मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतिका की पहचान बुधरी तेलाम (60 वर्ष) के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उसके पुत्र सामु उर्फ श्याम तेलाम (32 वर्ष) निवासी धुरली टिटेमपारा पर है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी मां से खाना मांगा। मां द्वारा खाना नहीं देने पर वह गुस्से में आ गया। आक्रोशित आरोपी ने घर के पास रखे बांस के डंडे से अपनी मां के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बुधरी तेलाम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भांसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।vपुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 19 जून को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Comments