मिली जानकारी के अनुसार बेलतरा निवासी संदीप रजक (23) और उसका छोटा भाई प्रदीप रजक (16) बाइक से घर लौट रहे थे। संदीप ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रेलर चालक था, जबकि प्रदीप मैकेनिक के रूप में कार्य करता था। दोनों अपनी बहन के लिए मोमोज लेकर वापस घर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 8 बजे बिलासपुर की ओर जा रहा कोयले से लदा ट्रेलर (CG 12 BH 2296) तेज रफ्तार में था। बस स्टैंड के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। सड़क किनारे नाली निर्माण के लिए पहले से खोदे गए गड्ढे में ट्रेलर जा घुसा और पलट गया। उसी दौरान वहां से गुजर रही बाइक ट्रेलर की चपेट में आ गई। दोनों भाई ट्रेलर के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नेशनल हाईवे किनारे करीब चार महीने पहले नाली निर्माण के लिए खुदाई की गई थी। बाद में नेशनल हाईवे अथॉरिटी की आपत्ति के चलते निर्माण कार्य रोक दिया गया, लेकिन गड्ढे को भरा नहीं गया और निर्माण सामग्री भी वहीं पड़ी रही। लोगों का कहना है कि यही लापरवाही इस भीषण हादसे की बड़ी वजह बनी।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Comments