छात्रों के लिए खुशखबरी: बीसीए-एलएलबी इंटीग्रेटेड कोर्स को मिली मंजूरी

रायपुर | 05 मई 2026 पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में छात्रों के लिए एक बड़ी शैक्षणिक सौगात सामने आई है। विश्वविद्यालय को इंटीग्रेटेड बीसीए-एलएलबी कोर्स के संचालन के लिए इस शैक्षणिक सत्र से मंजूरी मिल गई है। बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) द्वारा इस कोर्स के लिए 60 सीटों की स्वीकृति प्रदान की गई है।
जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय ने पहले से संचालित इस कोर्स के एक्सटेंशन और रेगुलराइजेशन के लिए आवेदन किया था, जिसे अब स्वीकृति मिल चुकी है। इसके साथ ही आगामी सत्र 2026-27 से प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
यह 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स छात्रों को कंप्यूटर एप्लीकेशन और कानून दोनों क्षेत्रों में विशेषज्ञता प्रदान करेगा। खास बात यह है कि पारंपरिक 6 साल की पढ़ाई की तुलना में यह कोर्स एक साल की बचत भी करेगा।
कुलपति प्रो. सुनील शुक्ला ने बताया कि डिजिटल युग में कानून और तकनीक का मेल बेहद जरूरी है, और यह कोर्स छात्रों को आधुनिक जरूरतों के अनुसार तैयार करेगा।

Comments