रायपुर, 30 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ शासन के अफसर-कर्मचारियों की विभागीय परीक्षा के रिजल्ट ने पूरे सिस्टम की पोल खोल दी है। बड़ी खबर ये है कि सामान्य प्रशासन GAD, सहकारिता, राजस्व, आदिम जाति तथा अनुसूचित जनजाति और पशु चिकित्सा विभाग के एक भी अधिकारी-कर्मचारी परीक्षा पास नहीं कर पाए। गृह विभाग के सी अनुभाग ने बुधवार को नतीजे घोषित किए। कुल 195 अफसर-कर्मी ही उत्तीर्ण हुए हैं।
कहां-कहां जीरो: विभागीय परीक्षा प्रकोष्ठ की सचिव नेहा चोपावत के हस्ताक्षर से जारी रिजल्ट के मुताबिक, 2 फरवरी 2026 को पशु चिकित्सा विभाग के लेखा पेपर में एक भी परीक्षार्थी पास नहीं हुआ। 27 जनवरी को सहकारिता विभाग के सहायक पंजीयकों की परीक्षा में सभी फेल हो गए। सामान्य प्रशासन, राजस्व एवं भू-अभिलेख विभाग के दांडिक विधि के पेपर में भी कोई पास नहीं हुआ। आदिम जाति विभाग के लेखा पेपर में भी जीरो रिजल्ट रहा।
किसने बचाई लाज: वन विभाग और पुलिस विभाग का रिजल्ट सबसे बेहतर रहा। 29 जनवरी को हुई वन विभाग की परीक्षा में 8 IFS और सहायक वन संरक्षक पास हुए। 2 फरवरी की परीक्षा में 6 IFS समेत 30 सहायक वन संरक्षक उत्तीर्ण हुए। पुलिस विभाग में 29 जनवरी की परीक्षा में आठों उप पुलिस अधीक्षक पास हो गए। 30 जनवरी को 4 IFS और चार उप पुलिस अधीक्षक भी सफल रहे।
गिने-चुने ही पास: खनिज, आबकारी, पंचायत, भू-अभिलेख, राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग के भी गिने-चुने अधिकारी ही पास हो पाए। कई अधिकारी-कर्मचारी मुश्किल से निम्न स्तर से उत्तीर्ण हुए हैं।
कब हुई थी परीक्षा: गृह विभाग ने जनवरी 2026 में विभिन्न विभागों की विभागीय परीक्षा ली थी। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जगदलपुर और सरगुजा में परीक्षा केंद्र बनाए *गए थे*।

Comments