छत्तीसगढ़ में अंग्रेजी शराब के लगभग सभी क्वार्टर ब्रांड गायब! जानिए आखिर क्या है वजह?

source : social media
रायपुर। छत्तीसगढ़ की विदेशी शराब दुकानों में इन दिनों लोकप्रिय अंग्रेजी शराब ब्रांडों की भारी कमी देखने को मिल रही है। शराब प्रेमियों को उनकी पसंदीदा ब्रांड नहीं मिलने से निराशा का सामना करना पड़ रहा है। दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों का कहना है कि मांग के बावजूद कंपनियों से पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो रही है, जिसके चलते ग्राहकों को वैकल्पिक ब्रांड लेने पड़ रहे हैं।
 
सूत्रों के अनुसार आबकारी विभाग द्वारा कांच की बोतलों के स्थान पर प्लास्टिक शीशियों में शराब बिक्री की नई व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके लिए कई शराब कंपनियां नई पैकेजिंग मशीनें स्थापित कर रही हैं, जिससे उत्पादन और आपूर्ति प्रभावित हुई है। यही कारण है कि पिछले एक माह से कई चर्चित ब्रांडों के क्वार्टर बाजार से लगभग गायब हैं।
 
अगले महीने तक सामान्य हो सकती है स्थिति
 
आबकारी विभाग के अधिकारियों का दावा है कि शराब कंपनियों को मांग के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग को उम्मीद है कि जून के अंत या जुलाई से लोकप्रिय ब्रांडों की उपलब्धता फिर से सामान्य हो जाएगी।
 
रॉयल स्टेग से मैकडॉवेल्स तक कई ब्रांड प्रभावित
 
जानकारी के अनुसार ₹760 से ₹800 रेंज के कई लोकप्रिय ब्रांड जैसे रॉयल स्टेग, रॉयल चैलेंज और मैकडॉवेल्स नंबर-1 कई दुकानों से नदारद हैं। वहीं रम की आपूर्ति भी लगभग बंद है। दुकान संचालकों का कहना है कि गर्मी के मौसम में मांग कम होने के कारण रम की सप्लाई नहीं भेजी जा रही है।

Comments