खेल विभाग के अनुसार उत्कृष्ट खिलाड़ी चयन प्रक्रिया वर्ष 2018-19 से लंबित है। इस दौरान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले अनेक खिलाड़ियों को रोजगार के लिए अन्य राज्यों का रुख करना पड़ा। इससे छत्तीसगढ़ के खेल प्रदर्शन पर भी असर पड़ा है। खिलाड़ियों और खेल संगठनों द्वारा लंबे समय से उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची जारी करने और सरकारी नौकरी में आरक्षण का लाभ देने की मांग की जा रही थी।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2018-19 में 344 और वर्ष 2019-20 में 439 सहित कुल 783 आवेदन प्राप्त हुए थे। जांच और पात्रता परीक्षण के विभिन्न चरणों के बाद 658 आवेदनों की स्क्रूटनी की गई, जिसमें 156 खिलाड़ी पात्र पाए गए। इनमें वर्ष 2018-19 के 128 तथा वर्ष 2019-20 के 28 खिलाड़ी शामिल हैं।
राज्य शासन की नीति के अनुसार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के लिए सभी सरकारी विभागों में भर्ती के दौरान 2 प्रतिशत पद आरक्षित हैं। उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित होने के बाद इन खिलाड़ियों को इस आरक्षण का लाभ मिलेगा और राज्य में सम्मानजनक रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
उधर, खेल अलंकरण समारोह भी पिछले दो वर्षों से लंबित है। वर्ष 2023-24 और 2024-25 के खेल अलंकरण पुरस्कारों की प्रक्रिया पूरी कर फाइल शासन को भेजी जा चुकी है। यदि इस वर्ष भी खेल दिवस तक समारोह आयोजित नहीं हो पाया तो खिलाड़ियों का इंतजार तीन साल तक पहुंच जाएगा।

Comments