जानकारी के अनुसार, कोटा थाना क्षेत्र के श्रीपारा निवासी 65 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक रामनारायण सिंह पोंर्ते की ग्राम नवागांव चारपारा में करीब तीन एकड़ कृषि भूमि है। खेती योग्य बनाने के लिए वे जेसीबी मशीन से खेत समतल कराने की तलाश कर रहे थे।
22 जून की सुबह एक युवक मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचा। उसने खुद को राजस्थान से आया बताते हुए खेत समतलीकरण का काम करने का भरोसा दिलाया। बातचीत के दौरान उसने कम खर्च और कम समय में काम पूरा करने का दावा किया, जिससे शिक्षक उसके झांसे में आ गए।
आरोप है कि गिरोह ने अलग-अलग किस्तों में कुल 9 लाख रुपये ले लिए, लेकिन न तो खेत समतल किया और न ही दोबारा संपर्क में आए। काफी इंतजार के बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने कोटा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बिना सत्यापन के बड़ी रकम न दें और मशीन या ठेकेदार की पूरी जानकारी जांचने के बाद ही भुगतान करें।

Comments