पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने शनिवार को देशभर के परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल कर तैयारियों का जायजा लिया। प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई के लिए पहली बार भारतीय वायुसेना की मदद ली जा रही है, जबकि पुलिस, जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों सहित दो लाख से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है।
परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को निर्धारित अतिरिक्त समय के साथ शाम 6:20 बजे तक परीक्षा देने की अनुमति रहेगी। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार दोपहर 1:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे और इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
इस बीच महाराष्ट्र के नागपुर के एक छात्र को गलती से अबू धाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित होने का मामला भी सामने आया। छात्र और उसके परिवार की शिकायत के बाद एनटीए ने नया परीक्षा केंद्र आवंटित करने का आश्वासन दिया है।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) ने सभी मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों को 20 और 21 जून को छात्रों की छुट्टियां नहीं देने का निर्देश जारी किया है। हाल के दिनों में मेडिकल छात्रों की कुछ संदिग्ध गतिविधियों के सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है।
पेपर लीक मामले की जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है। वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने परीक्षा से पहले कई उच्चस्तरीय बैठकों में सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की है। सरकार और एनटीए की कोशिश है कि इस बार परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, सुरक्षित और विवादमुक्त तरीके से संपन्न हो।

Comments