जानकारी के अनुसार, प्रशासन को करपावंड क्षेत्र की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विरोध कर रहे कुछ लोगों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई, जो बाद में धक्कामुक्की में बदल गई। घटना के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को कार्रवाई रोकने के लिए दबाव बनाने की भी कोशिश की गई। मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और स्थिति को बिगड़ने से बचाया। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमानुसार जारी रहेगी और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल करपावंड थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Comments