कांग्रेस का संगठन महाकुंभ: राहुल गांधी और सचिन पायलट देंगे जीत का रोडमैप

रायपुर 20 जून: अभनपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ शनिवार से अभनपुर में हो रहा है। संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर में प्रदेशभर के जिला और शहर अध्यक्ष भाग लेंगे। शिविर का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को तैयार करना है।
रायपुर जिले के अभनपुर स्थित आशुतोष-अलका अग्रवाल मंगल भवन, चांदी मोड़ में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संगठन विस्तार, जनसंपर्क, राजनीतिक रणनीति और कार्यकर्ता प्रबंधन जैसे विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। शिविर के पहले दिन प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट जिला अध्यक्षों को संबोधित करेंगे और संगठन की मजबूती के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
शिविर का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण कांग्रेस नेता राहुल गांधी का दौरा रहेगा। राहुल गांधी रविवार को प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर संगठन को नई दिशा देंगे तथा कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। उनके संबोधन को आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि संगठन की मजबूती का आधार बूथ स्तर का कार्यकर्ता होता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण शिविर में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और कांग्रेस की नीतियों को जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि यह प्रशिक्षण शिविर पहले 21 से 30 जून तक प्रस्तावित था, लेकिन संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब इसका आयोजन 20 से 29 जून तक किया जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि यह शिविर प्रदेश में संगठनात्मक ऊर्जा का नया संचार करेगा और पार्टी को आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए तैयार करेगा।

Comments